संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। त्योहारों को देखते हुए आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को रेलवे नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया गया। आरपीएफ ने यात्रियों को चलती ट्रेन में चेन पुलिंग करने, रेलवे ट्रैक पार करने और ट्रेनों पर पथराव करने से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान यात्रियों से अपील की गई कि वे सुरक्षित यात्रा के लिए रेलवे नियमों का पालन करें और किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन में चेन पुलिंग न करें। रेलवे ट्रैक पार करने के बजाय निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही ट्रेनों पर पथराव जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
आरपीएफ ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सजग रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अज्ञात वस्तु के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखने की अपील की। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना देने को कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।