हथीन में बरसात से गहलब रोड पर भरा पानी।
- फोटो : Palwal
होडल/ हथीन। पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से मंगलवार को उस समय राहत मिली, जब एकाएक बरसात शुरू हो गई। इस बरसात से होडल व हथीन में लोगों को राहत तो मिली, लेकिन जगह-जगह व बाजारों में हुए जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हथीन और होडल में सरकारी स्कूलों के अंदर भी पानी भर गया। होडल में 60 एमएम और हथीन में 82 एमएम बारिश दर्ज की गई। बरसात के कारण हुए जलभराव से लोग पूरे दिन परेशान रहे तथा नगर परिषद व प्रशासन के सफाई अभियान व पानी निकासी के इंतजामों की भी पोल खुल गई। होडल में करीब डेढ घंटा तक बरसात होती रही। बरसात होने ही बाजारों व शहर की सड़कों पर जलभराव शुरू हो गया। पुराने जीटी रोड व बाजार में दुकानों के अंदर भी पानी घुस गया। दुकानदारों को पूरे दिन पानी निकालने में लगे रहे। वहीं बरसात से बाजारों में हुए जलभराव के कारण मंगलवार को ग्राहक भी कम दिखाई दिए। बरसात के कारण सबसे ज्यादा पानी से राजीव गांधी चौक से गोयल नर्सिंग होम चौक तक भर गया। गहलब रोड स्थित कई दुकानों में बरसाती पानी प्रवेश कर गया। इसके अलावा अनाज मंडी के दोनों मैन गेटों वाले रोड पर भी बरसाती पानी भर गया, जबकि वहीं पुरानी तहसील में चल रहे थाना परिसर में तथा पशु अस्पताल व सरकारी अस्पताल के मैन गेट पर बरसाती पानी भर जाने से वहां पर आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बारे में उपायुक्त यशपाल ने भी अधिकारियों से जानकारी ली तथा शहरी क्षेत्रों में बरसात से जलभराव की समस्या रोकने के लिए नालों व नालियों की सफाई करने तथा नालों व नालियों में गंदगी डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व चालान काटने के निर्देश दिए हैं।