संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर में पहले से 10 राशन डिपो संचालित होने और केवल साढ़े चार हजार राशन कार्ड धारक होने के बावजूद नौ नए राशन डिपो आवंटित करने की तैयारी पर सवाल उठने लगे हैं। प्रस्तावित डिपो के लिए चिह्नित क्षेत्रों में राशन कार्ड धारकों की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है। कहीं 88 तो कहीं 444 कार्डधारक हैं। ऐसे में आवंटन के मानकों और जरूरत के आकलन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार, नकनपुर में 89, पुन्हाना रूरल में 138, वार्ड नंबर 10 में 444, वार्ड नंबर 11 में 352, वार्ड नंबर चार में 296, वार्ड नंबर छह में 272, वार्ड नंबर सात में 134 और वार्ड नंबर आठ में 139 राशन कार्ड धारक हैं। एक अन्य वार्ड में 88 कार्डधारक बताए गए हैं।
सामान्य तौर पर एक राशन डिपो पर करीब 500 राशन कार्ड धारकों का भार होने की बात कही जाती है। ऐसे में कम लाभार्थियों वाले क्षेत्रों में नए डिपो की जरूरत पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, डिपो की दूरी, भौगोलिक स्थिति और उपभोक्ताओं की सुविधा भी महत्वपूर्ण आधार हैं।
नौ नए डिपो आवंटित करने से पहले वार्डवार जरूरत, मौजूदा डिपो की क्षमता और निर्धारित मानकों को स्पष्ट करना जरूरी है, ताकि राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र परिवारों को सुविधा मिल सके।
वर्जन
नए राशन डिपो बनाने के लिए के लिए सरकार ने नोटिफिकेशन जारी किया है। उसके अनुरूप ही फाॅर्म जमा किए जाएंगे। अगर कोई फाॅर्म सरकार द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुरूप नहीं हुई तो उसको रद्द किया जाएगा।
- सीमा शर्मा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी, नूंह