पलवल।
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांच लें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 30 अगस्त तक निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन करें। उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन, ऑफलाइन अथवा संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 जमा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची तीन अक्तूबर को प्रकाशित होगी।