पलवल। उपयुक्त मात्रा में छात्रों की संख्या न होने के कारण शिक्षा विभाग ने पलवल जिले के 12 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के पदों को समाप्त कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने बताया कि राज्य मुख्यालय से आदेश जारी हो चुके हैं।
जिन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों से प्रधानाचार्यों के पद समाप्त किए गए हैं, उनमें हथी उपमंडल के आलीमेव, बहीन, छायंसा,और कोट ग्राम के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अब प्रधानाचार्य नही होंगें। पलवल जिले के चांदहट, बसंतगढ़, गढ़ी पट्टी, असावटा, गुधराना, थन्थरी, बाता एवं कारना शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक उक्त वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 11वीं और 12वीं की कक्षाओं में उपयुक्त मात्रा में मानकों के अनुरूप विद्यार्थी प्रवेश नहीं कर पाए। इस कारण उक्त वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अब प्रधानाचार्यों के पद नही रहेंगें। अब उक्त विद्यालयों में अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अतिरिक्त कार्य भार दिया जाएगा। राज्य मुख्यालय से जारी सूची के अनुसार के अनुसार पड़ोसी नूंह जिले के भी 23 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के पद समाप्त किए गए हैं। प्रदेश भर में ऐसे 466 प्रधानाचार्यों के पदों को समाप्त किया गया है।