बेटे ने स्कूल स्टाफ व पत्रकार पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- ब्लैकमेल कर 15 लाख हड़पे
परीक्षा फीस जमा करने में देरी और सोशल मीडिया पर प्रचार का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। बल्लभगढ़ के सरकारी स्कूल से बोर्ड परीक्षा फीस लेकर लापता हुए प्रिंसिपल छत्रपाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के बेटे ने स्कूल स्टाफ संदीप चौहान, देवदत्त शर्मा और एक रिश्तेदार पत्रकार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्कूल के स्टाफ ने उन पर डेढ़ करोड़ रुपये फंड घोटाले के आरोपों को लेकर चल रही जांच का हवाला देते हुए आरोपों को निराधार बताया है।
थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि जयप्रकाश निवासी आदर्श कॉलोनी ने शिकायत दी है कि उसके पिता छत्रपाल स्कूल में प्रिंसिपल थे और दोनों स्टाफ सदस्य उन्हें परेशान कर रहे थे। शिकायत में कहा गया कि उन्होंने दसवीं व बारहवीं की परीक्षा की चार लाख 58 हजार रुपये की फीस समय पर जमा नहीं की, लेकिन अंतिम तिथि पर 4 दिसंबर 2024 को दस लाख 58 हजार रुपये बोर्ड में जमा कर दिए। इसी बहाने झूठा प्रचार कर ब्लैकमेल करते हुए उनसे 15 लाख रुपये लिए गए।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे छत्रपाल घूमने गए और लौटने पर तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पलवल रेफर किया गया। निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। स्कूल स्टाफ ने कहा कि उनके कार्यकाल के घोटाले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो और पुलिस कर रही है, पर मौत से उनका कोई लेना-देना नहीं है।