पलवल। ईद-उल-जुहा के मौके पर सोमवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिदों में नमाज अता कर देश में शांति और सद्भाव की दुआ मांगी। हथीन, हसनपुर व होडल में भी मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा की गई। पलवल में पुराने जीटी रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड में स्थित ईदगाह में बकरीद के अवसर पर जिले के विभिन्न हिस्सों से आए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जहां सामूहिक नमाज अता की, वहीं आपसी भाईचारे को मजबूत करने व अमन चैन बनाए रखने की दुआ की। नमाज अता करने के बाद समाज के लोगों ने पौधरोपण भी किया तथा उसके बाद कुर्बानी दी गई। लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी तथा कब्रिस्तान में जाकर अपने बुजुर्गों को याद किया। हिंदू समाज के लोगों ने भी मुस्लिम समाज के लोगों को उनके घरों पर जाकर भी ईद की मुबारकबाद दी।
पलवल स्थित ईदगाह में सुबह से ही लोगों का आना शुरू हो गया था। लोग नए-नए परिधानों में नमाज अता करने आए। देखते ही देखते ईदगाह भर गया। नमाजियों के लिए हरे व सफेद कालीन बिछाए गए थे। ठीक पौने आठ बजे सामूहिक नमाज शुरू हुई। दुआ, कुतबा व नमाज हाफिज इमरान ने अदा कराई। बयान मौलाना इमामुल धौलागढ़ ने कराया। उन्होंने दुआ की कि खुदा सभी के गुनाहों को माफ करे तथा बुराई से बचाए। लोग आपस में मोहब्बत करें तथा कुर्बानियों को कबूल करें। दोनों ने आपसी भाईचारे को मजबूत करने व अमन चैन कायम रखने की दुआ मांगी। उन्होंने इब्राहिम को याद करते हुए उनके कुर्बानी देने के जज्बे की चर्चा की। उन्होंने कहा कि खुद को मानव उत्थान के कार्यों में लगाएं।
कार्यक्रम का संचालन हनीफ अहमद एडवोकेट ने किया। इस मौके पर मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष हाजी यूनुस अहमद, हाजी मुमताज, आमिर खार, हाजी शमशेद, मम्मूदीन, मजीद, अब्दुल अजीज, अलीमुद्दीन, मोहम्मद आदिल, यासीर, डॉ. शमीम अहमद, कामिल, नदीम, इकराम सहित सैकड़ों मुस्लिम समाज के लोग मौजूद थे।
ऐसा कोई काम न करें जिससे अशांति फैले : हाफिज
हथीन। ईद-उल-जुहा पर हथीन उपमंडल के एक दर्जन स्थानों पर ईद की विशेष नमाज पढ़ी गई। सभी स्थानों पर हजारों लोगों ने विशेष नमाज पढ़ी। इस मौके पर हथीन शहर स्थित दारुल उलूम अबदिया स्थित जामा मस्जिद में हाफिज हाशम और मुफ़्ती इमरान ने हजारों लोगों को विशेष नमाज पढ़ाई। हाफिज हाशम ने मुल्क और मिल्लत की खुशहाली के लिए दुआ भी पढ़ी। अमन का पैगाम देते हुए कहा कि कोई ऐसा काम न करें जिससे अशांति फैले। समाज के सभी वर्गों के लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबादी दी। आईएनएलडी की वरिष्ठ नेता रानी रावत, भाजपा पूर्व सैनिक मोर्चा के जिला सह संयोजक कर्नल राजेन्द्र सिंह रावत ने भी मेव मुस्लिम इलाकों में जाकर मुबारकबाद दी।