फिरोजपुर झिरका। गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर मंगलवार को पंजाबी समाज की ओर से गढ़ अंदर स्थित गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान गुरुवाणी पाठ, अरदास, महिला सत्संग और गुरु के लंगर का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवाणी पाठ से हुई। इसके बाद महिलाओं ने सत्संग के माध्यम से गुरु की शिक्षाओं को साझा करते हुए लोगों को सद्कर्म, प्रेम और भाईचारे की राह पर चलने का संदेश दिया।
दोपहर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से गुरु रसोई तैयार की और श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर लंगर छकाया। जरूरतमंदों तक भी लंगर पहुंचाया गया। अंत में हलवा प्रसाद वितरित किया गया। लंगर सेवा में दीपु भाटेजा, राजू खट्टर, शम्मी गांधी, कुनाल छाबड़ा, भव्या गाबा, तनुष बत्रा, अंकुर अरोड़ा, मुकुल मनचंदा, ईशांत खट्टर, गर्व गुलाटी, विक्की वाधवा, सागर वालेचा और रमेश कामरा सहित अनेक लोगों ने सहयोग दिया।