भूमिगत केबल में फॉल्ट के बाद सोमवार देर रात बहाल हुई आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर की ओमैक्स फेज-2 पॉश सोसाइटी के डी ब्लॉक में 50 से भी अधिक घंटे बाद सोमवार देर रात बिजली आपूर्ति बहाल हुई। शनिवार शाम चार बजे से बिजली गुल होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई थी।
रविवार देर शाम आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने सोसाइटी के मुख्य गेट पर एकत्रित होकर विरोध जताया था। बिजली तो लौट आई है, लेकिन लोगों को स्थायी समाधान नहीं होने की चिंता सता रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोसाइटी प्रबंधन ने जमीन की खुदाई कर भूमिगत केबल में टुकड़ा जोड़कर अस्थायी रूप से आपूर्ति बहाल की है।
लोगों का कहना है कि इस जुगाड़ से फिलहाल राहत मिली है, लेकिन दोबारा फॉल्ट होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रबंधन से केबल की मरम्मत कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है। मेंटेनेंस कंपनी के प्रबंधक का कहना है कि भूमिगत केबल में फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। फिलहाल अस्थायी रूप से समाधान कर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
आरडब्ल्यूए सचिव देशराज जाखड़ ने बताया कि बिजली नहीं होने से दो दिन तक काफी परेशानी हुई। अब समाधान तो हुआ है, लेकिन अस्थायी समाधान से कभी भी दोबारा समस्या खड़ी हो सकती है।