हसनपुर। हसनपुर कस्बे में ही चोरी के मामले में शामिल एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। इसमें दो पुलिस कर्मी घायल हो गए तथा गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने तीन नामजद सहित करीब 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके अलावा दो आरोपियों सुग्गी और सुनील को गिरफ्तार भी कर लिया है।
थाना प्रभारी उमर मोहम्मद ने बताया कि कस्बा निवासी पूरन की शिकायत पर उसके मकान से 50 हजार की नकदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी का मामला दर्ज किया था। जिसमें पुलिस ने कस्बा निवासी मान सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपी मान सिंह ने बताया कि चोरी की वारदात में उसके साथ मेहरी भी साथ था। शुक्रवार देर रात पुलिस टीम जब महरी को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची तो उसके परिजनों ने शोर मचा दिया और एकत्रित होकर पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पकडे़ गए आरोपी महरी को छुड़ा लिया। हमले के दौरान पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में हैड कांस्टेबल कृष्ण और सिपाही सतनारायण घायल हो गए। थाना प्रभारी मोहम्मद ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कस्बा निवासी महरी, सुग्गी व सुनील सहित 8-10 अन्य महिला पुरुषों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आरोपी सुग्गी व सुनील को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। उन्होंने बताया कि मामले में लिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जो शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।