संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। करीब एक माह पहले गांव निजामपुर छावा में दो पक्षों में हुए झगड़े के बाद एक व्यक्ति की हत्या में नामजद महिला सरपंच मदीना को जिला प्रशासन द्वारा बर्खास्त कर दिया गया था। ग्राम पंचायत में खाली पडे सरपंच के पद की नियुक्ति अब कर दी गई है। गांव के ही वार्ड नंबर 2 से पंचायत सदस्य पूनम प्रजापति को ग्राम पंचायत के कार्यवाहक सरपंच की जिम्मेवारी दी गई है। खंड एंव पंचायत विकास अधिकारी नूंह की मौजूदगी में हुई ग्राम पंचायत के सदस्यों ने कार्यवाहक सरपंच चुना। ग्रामीणों के मुताबिक गत 21 जुलाई को गांव निजामपुर छावा में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था, जिसमें 27 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने 32 नामजद सहित 20 से 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें महिला सरपंच मदीना का नाम भी शामिल था।
हत्या के मामले को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा महिला सरपंच को पद से हटा दिया गया था। करीब 1 माह से सरपंच का पद खाली पड़ा था। निजामपुर और छावा मरोड़ा पंचायत का हिस्सा है। ग्राम पंचायत मरोड़ा में 10 पंचायत सदस्य है। बुधवार को कार्यवाहक सरपंच के चुनावों में बहुतम के पंचों द्वारा वार्ड नंबर 2 की सदस्य पूनम को अपना समर्थन दिया। जिसके बाद पूनम को कार्यवाहक सरपंच के रूप में चुना गया है। वहीं नवनियुक्त सरपंच पूनम ने ग्राम पंचायत के सदस्यों को विश्वास दिलाया की ग्राम में समान रूप से विकास कार्यो को गति दी जाएगी। साफ सफाई से लेकर गांव के कच्चे रास्तो को जल्द पक्का करने की पहल की जाएगी। इस मौके पर भारतीय प्रजापति हीरोज ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय सचिव ओमकरण प्रजापति, एडवोकेट महेश कुमार, मामचंद प्रजापति सहित समाज के दर्जनों लोग मौजूद रहे।
नूंह बीडीपीओ अंकित ने बताया कि पूनम को 10 सदस्यों वाली पंचायत के 6 सदस्यों का समर्थन प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर उन्हें कार्यवाहक सरपंच नियुक्त किया गया है।