वक्फ बोर्ड प्रशासक ने छात्रों से की सीधी बातचीत, समस्याओं के जल्द समाधान का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज वक्फ की व्यवस्थाओं को लेकर पिछले कई दिनों से उठ रहे सवाल अब सीधे राजनीतिक टकराव में बदलते नजर आ रहे हैं। कॉलेज में छात्रों और कर्मचारियों की समस्याओं, वेतन, संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन कॉलेज पहुंचे। उन्होंने करीब दो घंटे तक छात्रों से बातचीत कर समस्याओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दौरे के बाद उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर कॉलेज की स्थिति को लेकर राजनीति और भ्रामक प्रचार करने के आरोप लगाए।
जाकिर हुसैन के अनुसार, कॉलेज के विकास के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार से पांच करोड़ रुपये के अनुदान की मांग की गई है और इसके लिए स्टाफ को भी प्रयास करने को कहा गया है।
जाकिर हुसैन ने कॉलेज की वित्तीय व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस शासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस पर मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने की बात भी कही।
समाधान चाहिए, राजनीतिक बयानबाजी नहीं : विधायक
वहीं, नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने जाकिर हुसैन के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेज कांग्रेस शासन के दौरान स्थापित हुआ, जबकि भाजपा सरकार और जाकिर हुसैन के वक्फ बोर्ड प्रशासक बनने के बाद कॉलेज की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्दशा सबके सामने है। व्यवस्थाओं को सुधारने के बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करना समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड प्रशासक अपनी नाकामियां छिपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।