हथीन पुलिस द्वारा पकड़ा गया हाईवा, जिसे पुलिस पर चढ़ाने का प्रयास किया गया था।
- फोटो : Palwal
हथीन। एक ओवरलोड हाईवा चालक ने सोमवार को थाने के सामने लगे नाके पर तैनात पुलिस टीम पर हत्या के प्रयास से हाईवा चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे अपनी जान बचाई, लेकिन इस बीच एक हैड कांस्टेबल के दांए हाथ में चोट लग जाने फ्रेक्चर आ गया। थाना प्रभारी ने लगभग एक किलोमीटर तक पीछा कर हाईवा के परिचालक को धर दबोचा, जबकि चालक अंधेरे का लाभ उठा कर भागने में सफल हो गया। पुलिस ने परिचालक मुस्तफा निवासी टपकन जिला नूंह सहित चालक इरशाद के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि बीती रात्रि को मुखबिर से सूचना मिली कि पलवल की तरफ एक वाहन में गोकशी की नीयत गायों को मेवात की तरफ ले जाया जा रहा। सूचना पर हथीन थाने के सामने नाकाबंदी करा दी गई। इसी बीच उटावड की तरफ से एक ओवरलोड हाईवा आता हुआ दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर हाईवा चालक ने बेरिकेडिंग में टक्कर मारते हुए हाईवा को पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया। इसमें एक हैड कांस्टेबल घायल हो गया। चालक मौके से हाईवा को लेकर भागने लगा। लेकिन सहरावत स्कूल के निकट जाम लगा होने के कारण हाईवा रुक गया। इस दौरान चालक और परिचालक ने कूदकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर परिचालक को धर दबोचा। उन्होंने बताया कि परिचालक को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।