संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। ऑपरेशन क्लीन के तहत सीआईए एवीटी स्टाफ हथीन की टीम ने नशीली दवाइयों की बडी खेप बरामद की है। सीआईए एवीटी हथीन प्रभारी दीपक गुलिया के अनुसार, बुधवार को एएसआई पवन कुमार उटावड चौक पर गश्त पर मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि कासम उर्फ पटवारी, निवासी उटावड बिना परमिट के नशीली दवाइयों की खेप लेकर घुडावली की तरफ जाएगा।
इसके बाद पुलिस टीम ने उटावड-घुडावली रोड पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर उसका चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो 13 पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 4 पैकिंग व प्रत्येक पैकिंग में 30 शीशी नशीली दवाई ऑनरेक्स मिली, जिसकी मात्रा एक लाख 56 हजार मिली लीटर थी।
ड्रग कंट्रोलर प्रवीण राठी ने बताया कि बरामद दवाई में कोडीन फॉस्फेट पाया जाता है। एवीटी स्टाफ ने गाड़ी व नशीली दवाइयों को कब्जे में लेकर थाना उटावड में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी कासम उर्फ पटवारी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।