गांव बंचारी का मामला, आंगन में पड़ा मिला था महिला का शव, तेजधार हथियार से हत्या का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। गांव बंचारी में विवाहिता महिला की हत्या के मामले में थाना पुलिस ने थाने में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर की शिकायत पर मृतक महिला के पति के खिलाफ तेजधार हथियार से हत्या करने का केस दर्ज किया है। मुंडकटी थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि थाने में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर जीतराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह नेशनल हाईवे-19 पर गश्त पर थे। तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गांव बंचारी निवासी नितेश का पत्नी हेमा उर्फ पिंकी के साथ झगड़ा हो गया है। झगड़े में पति नितेश ने हेमा की तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी टीम के साथ जब घटनास्थल पर पहुंचे तो लोगों की भीड़ लगी हुई थी। घर के आंगन में हेमा का शव पड़ा हुआ था, जिसके सिर से काफी खून बह रहा था। शिकायत में पुलिस अधिकारी जीतराम ने बताया कि जब उसने लोगों से बात की तो लोगों ने किसी प्रकार का कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उन्होंने मामले की जानकारी एफएसएल टीम के अलावा डीएसपी कुलदीप सिंह को दी। पुलिस अधिकारी ने मृतक महिला के पति नितेश को बार-बार फोन किया लेकिन उसने फोन बंद कर लिया। जब पुलिस टीम ने घटनास्थल पर नितेश की मां अनीता से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह खेत पर पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गई थी जबकि नितेश भाभी व मृतक हेमा की बड़ी बहन श्वेता ने भी घटना के बारे में जानकारी होने से इंकार कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर वीडियो ग्राफी करने के बाद मृतक महिला के पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपी के खिलाफ सबूत एकत्रित कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।