बिना नंबर प्लेट की पुलिस जिप्सी।
- फोटो : अमर उजाला
नागरिकों से यातायात नियमों की पालना कराने का दम भरने वाली हरियाणा पुलिस ने खुद नियमों को ताक पर रख दिया है। शहर में गश्त करने वाली एक जिप्सी पर रजिस्ट्रेशन नंबर तक नहीं लिखा हुआ है। देखकर ऐसा लगता है जैसे कि स्थानीय पुलिस खुद मियां फजीहत, औरों को नसीहत के ढर्रे पर चल रही है।
कानून की रक्षा करने का दावा करने वाली होडल पुलिस ही जब नियम कानून का पालन नहीं करती, तो आम लोगों से किस प्रकार नियमों की पालना करवाने की उम्मीद की जा सकती है। पुलिस वाहनों की जांच के तहत आरसी, नंबर प्लेट, प्रदूषण प्रमाण पत्र व इंश्योरेंस सहित सभी जांच करती है व कमी पाए जाने पर चालान भी करती है। लेकिन पुलिस के अपने ही कई वाहनों पर तो नंबर प्लेट तक भी नहीं लगी है।
पुन्हाना मोड़ के निकट लगे नाके पर जो जिप्सी विभाग द्वारा तैनात की गई है वह अधिकतर लावारिस हालत में खड़ी दिखती है। यहां तक कि उपरोक्त जिप्सी पर नंबर प्लेट तक नहीं लगाई गई है। विशेष बात यह है कि उपरोक्त पुलिस जिप्सी डीएसपी कार्यालय से चंद कदम की दूरी पर ही तैनात रहती है।