जुड़वा दो नवजात बच्चों के शव पड़े मिले, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया
पलवल। गांव मिंडकौला कृषि विज्ञान केंद्र के निकट शुक्रवार को देर शाम जुड़वा नवजात शिशुओं का शव मिला। इसमें से एक बेटा और एक बेटी थी। उनकी उम्र लगभग तीन महीने की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। वहां शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शहर की करूणामयी सामाजिक संस्था ने अंतिम संस्कार कर दिया।
करूणामयी सामाजिक संस्था के पदाधिकारी रणधीर चौहान ने बताया कि मिंडकौला कृषि विज्ञान केंद्र के निकट दीवार के पास दो नवजात जुड़वा बच्चों के शव पड़े हुए थे। जिसकी सूचना मिंडकौला पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी । पुलिस को बच्चों को जन्म देने वाली मां का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि करूणामयी सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने शवों को प्राप्त कर अंतिम संस्कार कर दिया है। वहीं सिविल अस्पताल के डिप्टी सीएमओ संजय कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा दो नवजात बच्चों के शवों को लाया गया था। जिनका बोर्ड के द्वारा पोस्टमार्टम किया गया । उनकी उम्र लगभग तीन महीने की थी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी आशा वर्कर व एएनएम द्वारा जांच कराई जाएगी और प्रयास की जाएंगे कि बच्चों को जन्म देने वाली मां कौन है। प्राथमिक जांच में लगता है कि किसी ने लोकलाज के डर से इस घिनौनी करतूत को अंजाम दिया है। पुलिस बच्चों के परिजनों को खोजने में लगी है।