संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस ने बुधवार को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में दंगा निरोधक मॉक ड्रिल की। इस अभ्यास में विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस लाइन के जवानों ने भाग लिया। अभ्यास का नेतृत्व डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र सिंह खटाना ने किया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, दंगा निरोधक उपकरणों के इस्तेमाल और विपरीत परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया गया। जवानों ने बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, शील्ड और लाठी ड्रिल का अभ्यास किया। साथ ही अनुशासन, आपसी तालमेल, संचार व्यवस्था और न्यूनतम बल प्रयोग पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास पुलिस की तैयारी और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक हैं।