होडल। सीआईए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गश्त के दौरान बाइक सवार दो युवकों से 17 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया है।
सीआईए टीम इंचार्ज हरदीप सिंह ने बताया पुलिस को जानकारी मिली कि बाइक पर सवार दो युवक प्लास्टिक के कट्टों में गांजा लेकर होडल से पलवल की तरफ जाने वाले हैं। पुलिस ने बाबरी मोड़ के समीप आने जाने वाले वाहनों की सघनता से जांच शुरू कर दी। उसी दौरान पुलिस की जांच को देखकर बाइक सवार दो युवक बाइक को मोड़ कर वापिस जाने का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
पुलिस ने जब दोनों युवकों से उनके नाम पते पूछे तो आरोपियों ने अपने नाम संजय निवासी होडल तथा चरण सिंह निवासी हताना कोसीकला बताया। पुलिस ने नायब तहसीलदार गौरव की मौजूदगी में जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास प्लास्टिक के कट्टे से 17 किलो 432 ग्राम गांजा बरामद हुआ।