हथीन। क्षेत्र में मंगलवार को होने वाले नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया। नगर पालिका सचिव देवेंद्र कुमार ने थाना प्रभारी हरिकिशन के साथ सुरक्षा प्रबंधों के बारे में वार्ता की।
पालिका सचिव ने बताया कि चुनाव के लिए निर्धारित बैठक हॉल में पार्षदों एवं चेयरपर्सन को ही प्रवेश दिया जाएगा। उपाध्यक्ष का चुनाव ईवीएम से होगा।
चुनाव अधिकारी एवं होडल की एसडीएम बलिना ने भी चुनाव प्रबंधों के बारे में अधिकारियों से मंत्रणा की। चुनाव के लिए नामांकन पत्र मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे तक भरे जाएंगें।
उपाध्यक्ष पद के लिए पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश गर्ग, धीरज उपाध्याय, उर्मिल शर्मा, विशाल सिंह एवं पवन शर्मा उर्फ जोंटी सक्रिय हैं। इसके अलावा किसी अन्य नाम पर भी मुहर लग सकती है। लोगों की निगाहें मंगलवार के चुनाव की ओर लगी हुई हैं। संवाद