पलवल। अमरौली गांव में खेतों पर काम कर रहे परिवार पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने अवैध हथियार सहित लाठी, डंडा व फरसा से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आठ नामजद सहित 25 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अमरौली गांव निवासी प्रकाशचंद ने चांदहट थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह और उसका भाई मोहनपाल, विजयपाल व भतीजा अजय खेतों पर काम कर रहे थे। उसी दौरान अमरौली गांव निवासी रामवीर, हरवीर, देवेंद्र, हरजीत, आदेश, बडौली गांव निवासी सुनील, प्रवीण व फरीदाबाद के भतौला गांव निवासी पवन चंदीला अपने साथ 10-15 अन्य लोगों को लेकर खेतों पर पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों के हाथों में देशी पिस्तौल, लाठी, डंडा व फरसा थे और कार, ट्रैक्टर व बाइकों पर सवार होकर आए थे। आरोपियों ने वहां पहुंचते ही पीड़ित की धान की फसल में ट्रैक्टर घुसाकर नष्ट करने की कोशिश की। जब विजयपाल, मोहन पाल व अजय ने विरोध किया तो पहले ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया और फिर अवैध हथियार से सीधा फायर कर दिया, इसके बाद आरोपियों ने लाठी, डंडा व फरसा से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी अजय के गले से चार तोले की सोने की चेन व भाई की जेब से 850 रुपये लूट लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर उक्त सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।