बारिश के बाद अलावलपुर पुल पार हुआ जलजमाव।
- फोटो : Palwal
बारिश से मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से मिली राहत
पलवल। पिछले करीब एक सप्ताह से उमस भरी गर्मी की मार से बेहाल लोगों को बुधवार को बारिश से राहत मिली। सुबह से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को तरोताजा कर दिया। बारिश की फुहारों के बीच लोग भीगकर आनंद लेते नजर आए। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, शहर में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
करीब एक सप्ताह से जिले का तापमान 40 डिग्री के पार है। लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। चिलचिलाती धूप के कारण लोग घरों में कैद थे। गर्मी बढ़ते ही बिजली की कटौती ने भी लोगों का जीना मुहाल कर दिया। ऐसे में बुधवार को ठंडी हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। बारिश के बाद तापमान 27 डिग्री पर आ गया। बच्चों ने मौसम का जमकर आनंद लिया। लोग गलियों में आकर बारिश में नहा रहे थे। मौसम में बदलाव से किसानों ने भी राहत की सांस ली। क्योंकि, बारिश न होने से धान की फसल सूख रही थी। इससे किसानों को चिंता भी बढ़ गई थी। करीब 20 मिनट की तेज बारिश के बाद कुछ स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के रेलवे रोड, मालगोदाम रोड, पुराना जीटी रोड सहित अन्य स्थानों पर जलभराव हो गया। इसके अलावा हथीन शहर में मुख्य बाजार, गहलब रोड और बस अड्डा स्थित मार्केट आदि कई स्थानों पर जलभराव हो गया।