संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। हसनपुर थाना क्षेत्र के सहनोली गांव में जमीन के बंटवारे और कथित कब्जे को लेकर परिवार के लोगों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला ने कुछ लोगों पर हमला करने और हाथ में चाकू मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। सहनोली निवासी बिमला देवी पत्नी खेमचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके ससुर तीन भाई थे। तीनों के नाम करीब 300 गज जमीन है, जिसका अभी तक बंटवारा नहीं हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सुरेश, सोहनलाल व छतर सोहनलाल ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। जब वह जमीन के बंटवारे की बात करती हैं तो आरोपी कथित तौर पर बंटवारा करने से मना करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। बिमला देवी के अनुसार, जब उसने जमीन पर कब्जे का विरोध किया तो करीब आधा दर्जन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसके हाथ में चाकू मार दिया। आरोप है कि हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि दोबारा हिस्सा मांगा तो उसे जान से मार देंगे। वहीं, हसनपुर थाना प्रभारी इमरोज हैदर खान ने बताया कि मामला करीब 50 गज जमीन के बंटवारे से जुड़ा पारिवारिक विवाद है। मामले में दो भाई संतुष्ट हैं, जबकि एक भाई संतुष्ट नहीं है। पटवारी द्वारा जमीन की नपाई कर रिपोर्ट दिए जाने के बाद उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।