लकी ड्रा के नाम पर ठगी करने वालों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : Palwal
पलवल। लकी ड्रॉ के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले में एसआरडी ग्रुप के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में पीड़ितों ने शहर में जुलूस निकाला। बाद में जिला पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजरानिया को ज्ञापन सौंपा। यह जुलूस राजीव नगर निवासी शिवचरण के नेतृत्व में निकाला गया। जुलूस के माध्यम से पीड़ितों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की।
पीड़ितों ने बताया कि एसआरडी ग्रुप नामक कंपनी ने लकी ड्रॉ के नाम पर जिले के करीब 33 हजार लोगों से करीब 50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। इस बाबत वर्ष 2017 में ग्रुप के पदाधिकारियों के खिलाफ नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज हुआ था। मामला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में पुलिस ने कई छोटे-मोटे कंपनी कर्मचारियों को गिरफ्तार भी किया था, परंतु मुख्य आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। अदालत ने भी पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हुए हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में घनश्याम कौशिक, संजय जट्टारी, राजकुमार फरीदाबाद, विजय अलावलपुर, धर्मवीर, सतीश जल्हाका, विनोद कुमार डूंडसा, उदयचंद, राकेश मोहना, मुकेश, हरकेश, अमरपाल घर्रोंट, बाबूराम, हंसराज नूंह मुख्य रूप से शामिल रहे।