ताऊ देवीलाल पार्क की सफाई करते।
- फोटो : Palwal
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित ताऊ देवीलाल टाउन पार्क में रविवार को जिला प्रशासन और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्क की सफाई कर कूड़ा उठाया गया। अभियान का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) उत्तम सिंह ने किया। उन्होंने नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता महेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि वे शहर के कूडे़ के साथ-साथ पार्क के कूड़े के निस्तारण की भी व्यवस्था बनाएं। पार्क में लगे पेड़ों और उपयुक्त स्थानों पर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सचेतक बोर्ड भी लगवाएं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि पार्क के बाहर स्थित शौचालय के लिए साइन बोर्ड लगवाएं, ताकि पार्क के अंदर आए लोगों को शौचालय की दिशा स्थिति के बारे में पता चल सके। पार्क में मिले बीड़ी, सिगरेट के अवशेषों को देखकर कहा कि पार्क के अंदर धूम्रपान करने वाले व इधर-उधर कूड़ा फेंकने वाले लोगों को रोकना होगा। गंदगी फैलाने वालों को सफाई के बारे में जागरूक करना बहुत जरूरी है। अगर वे फिर भी नहीं मानते हैं तो फिर सख्ती दिखाते हुए चालान किए जाएं। लोगों को कूड़ेदान का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें। स्वयं भी लोगों को स्वच्छता के महत्व को समझना चाहिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने पार्क में क्रिकेट खेल रहे बचों को समझाया कि वे स्टेडियम में जाकर खेलें, ताकि पार्क में टहल रहे लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को गेंद से चोट लगने का खतरा न रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान प्रत्येक रविवार को पार्क में चलाए जाते रहेंगे, ताकि पार्क के सौंदर्य को बरकरार रखा जा सके। वार्ड नंबर-12 के पार्षद संजय छाबड़ा ने पेड़ों और घास के रखरखाव व समय-समय पर कटिंग करने के लिए माली की व्यवस्था करवाने, पार्क की निगरानी करवाने की मांग की। इस मौके पर आईएमए के जिला प्रधान डॉ. अनिल मलिक, सचिव डॉ. रीना गर्ग, डॉ. सूर्य मोहन बागला, डॉ. वीणा, डॉ. रजनीश गुप्ता, डॉ. सुभाष गोयल, डॉ. नरोत्तम गोयल, डॉ. मिथलेश बंसल, डॉ. ग्रीस गोयल, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. संदीप गर्ग, डॉ. सुनील गोयल मौजूद रहे।