हथीन। रबी सीजन में गेहूं की बुआई शुरू हो गई है। अच्छी पैदावार के लिए किसानों को समय पर बिजाई करने के साथ प्रमाणित बीजों का चयन और बीज उपचार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कृषि विभाग के ब्लॉक विकास अधिकारी प्रदीप मलिक ने बताया कि अगेती गेहूं की बुआई के लिए 25 नवंबर तक और पछेती बुआई के लिए 26 नवंबर से 15 दिसंबर तक का समय उपयुक्त है। गेहूं के अच्छे अंकुरण के लिए करीब 22 डिग्री तापमान अनुकूल माना जाता है। उन्होंने बताया कि अगेती बुआई के लिए डीबीडब्ल्यू 327, 1270, 303, 371 और 372 किस्में बेहतर हैं। पछेती बुआई के लिए राज 3765, कनक 2985, डीबीडब्ल्यू 173, 1124 और 1021 किस्में उपयुक्त हैं। अगेती बुआई में प्रति एकड़ 45 और पछेती में 50 किलोग्राम बीज की जरूरत होती है। किसानों को बिजाई से पहले बीज उपचार करने और खेत में पर्याप्त नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है। संवाद