हसनपुर पीएचसी का मामला, डॉक्टर के नहीं मिलने पर मरीजों को करना पड़ रहा पलवल का रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर कस्बा हसनपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की हालत बेहद खराब है। यहां तैनात डॉक्टर अक्सर ड्यूटी से नदारद रहते हैं। मरीजों का आरोप है कि डॉक्टर अस्पताल में मरीजों को देखने के बजाय अक्सर बाजार में घूमते मिलते हैं। शनिवार को दोपहर 12 बजे पड़ताल के लिए जब पीएचसी पहुंचे, तो अस्पताल में कई मरीज डॉक्टर का इंतजार कर रहे थे। मरीज पेड़ के नीचे बैठे थे, लेकिन डॉक्टर वेद प्रकाश ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। अस्पताल में ट्रेनिंग पर आए एक युवक ने बताया कि डॉक्टर साहब बाहर से आए अन्य डॉक्टरों के साथ बाजार चले गए।
खांसी-जुकाम की दवाई लेने पहुंचे अरुण (निवासी बिलोचपुर), लक्ष्मण सिंह और प्रवीण कुमार ने बताया कि डॉक्टर घंटों नदारद रहते हैं। उन्होंने कहा कि किसी बीमारी में या तो तीस किलोमीटर दूर पलवल के जिला अस्पताल जाना पड़ता है या निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। महिला सीमा ने कहा कि पहले डिलीवरी जैसे केस यहीं हो जाते थे, लेकिन अब डॉक्टरों की लापरवाही के चलते महिलाओं को पलवल या होडल ले जाना पड़ता है।
औचल निरीक्षण करेंगे
किसी दिन बिना सूचना के औचक जांच की जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। -जय भगवान जाटान, जिला सिविल सर्जन