संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एसोसिएशन ऑफ प्रैक्टिसिंग पैथोलॉजिस्ट्स की ओर से गुरुग्राम में एक दिवसीय राज्य स्तरीय वैज्ञानिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से 110 से अधिक पैथोलॉजिस्ट और लैब संचालकों ने भाग लेकर आधुनिक पैथोलॉजी, लैब मैनेजमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ऑटोमेशन, गुणवत्ता और स्वतंत्र प्रयोगशालाओं के भविष्य जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन के आयोजन सचिव एवं संयोजक डॉ. प्रशांत गुप्ता (पलवल) ने कहा कि बदलते स्वास्थ्य परिदृश्य में तकनीकी दक्षता के साथ बेहतर नेतृत्व, प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों को अपनाना समय की जरूरत है। इसी उद्देश्य से सम्मेलन को सहभागितापूर्ण और अनुभव-आधारित स्वरूप दिया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
सम्मेलन में वरिष्ठ विशेषज्ञों ने स्वतंत्र प्रयोगशालाओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर अपने विचार साझा किए। पैनल चर्चा, केस आधारित शिक्षण और संवादात्मक सत्र प्रतिभागियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे।
डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सभी वक्ताओं, प्रतिनिधियों, सहयोगियों और प्रायोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एपीपी हरियाणा भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।