संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बुधवार को पलवल रेलवे स्टेशन पर दिल्ली मंडल से आए अधिकारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। एएमआरएस त्रिलोक कोठारी के नेतृत्व में अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता की शपथ ली और इसके बाद सफाई अभियान में श्रमदान किया।
इस दौरान त्रिलोक कोठारी ने रेलवे स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसर को स्वच्छ रखना केवल रेलवे कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यात्रियों और आमजन को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। स्वच्छ वातावरण यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के साथ स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश भी देता है।
श्रमदान कार्यक्रम में सीएमएम एचएवी अरुण कुमार, डीएमएम एनडीएलएस संदीप कुमार सिंह और सीनियर एडीएमएम/एनडीएलएस विक्रमजीत सिंह सहित रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था का जायजा भी लिया और स्वच्छता बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया।
श्रमदान में नहीं पहुंचे कई चेयरपर्सन व पार्षद
हथीन।
नगर पालिका की ओर से आयोजित श्रमदान जनभागीदारी अभियान में अधिकांश पार्षद और चेयरपर्सन शामिल नहीं हुए। नगर पालिका सचिव देवेंद्र कुमार के अनुसार, चेयरपर्सन रेणु लता, वाइस चेयरमैन राकेश गर्ग और 15 पार्षदों को एक दिन पहले संदेश भेजकर कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना दी गई थी। इसके बावजूद चेयरपर्सन समेत 14 पार्षद कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। केवल वाइस चेयरमैन राकेश गर्ग और पार्षद राजवीर ने भाग लिया। जनभागीदारी के नाम पर भी किसी संगठन की भागीदारी नहीं रही। चेयरपर्सन के पति सुमित राजपूत ने निजी कार्यक्रम में व्यस्तता के चलते उनके शामिल न होने की बात कही। संवाद