फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: पलवल की सड़कें बनी जानलेवा, गड्ढों में छिपा हादसे का खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
कुछ महीने पहले बनी सड़कें पहली ही बारिश में उखड़ीं, सामने आई गुणवत्ता की हकीकत
विज्ञापन


विपिन सैनी



पलवल। शहर में सड़क निर्माण के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन बारिश ने इन सड़कों की गुणवत्ता की हकीकत सामने ला दी है। कुछ महीनों पहले बनाई गई कई सड़कें पहली ही अच्छी बारिश में जगह-जगह से टूट गई हैं। कहीं सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई तो कहीं बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी भरने के बाद ये गड्ढे वाहन चालकों को दिखाई भी नहीं देते। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। इसके बावजूद जिम्मेदार एजेंसियां और अधिकारी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं।

पड़ताल में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर अलावलपुर चौक के पास, हुडा सेक्टर-2 की ओर जाने वाले कट के नजदीक सर्विस रोड, बघौला फ्लाईओवर, ओल्ड जीटी रोड पर नगर परिषद कार्यालय के सामने समेत कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त मिली। कई जगह गड्ढों का आकार इतना बड़ा है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने से गंभीर हादसा हो सकता है। बारिश के दौरान इनमें पानी भरने से स्थिति और खतरनाक हो जाती है।
विज्ञापन


सवाल यह है कि जिन सड़कों का निर्माण हाल ही में हुआ, वे सामान्य बारिश भी क्यों नहीं झेल पाई। निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता, सड़क की मोटाई और निर्माण तकनीक की जांच किस स्तर पर हुई। यदि जांच हुई थी तो खामियां सामने क्यों नहीं आईं। वहीं, सड़क टूटने के बाद ठेकेदार और संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है।
विज्ञापन



संबंधित स्थानों की सड़क की स्थिति की जांच कराई जाएगी। जहां सड़क पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त मिली है, वहां आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी। निर्माण की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- धीरज कुमार, परियोजना अधिकारी, एनएचएआई


बारिश के बाद सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाता है। कई बार वाहन चालक अचानक गड्ढे में गिरते-गिरते बचे हैं।
- सोनू सैनी, स्थानीय निवासी

रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते और अचानक ब्रेक लगाने पर दुर्घटना हो सकती है।
- मनोज, दोपहिया वाहन चालक

सड़क पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च होते हैं, लेकिन कुछ महीनों बाद ही हालत खराब हो जाती है। इसकी जांच होनी चाहिए।
- महेंद्र, स्थानीय निवासी

सड़क टूटने से यातायात प्रभावित होता है। विभाग को बारिश के बाद सिर्फ पैचवर्क के बजाय स्थायी समाधान करना चाहिए।
- ललित, स्थानीय दुकानदार
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें