पलवल। पुलिस द्वारा गिरफ्तार सिपाही सुरेंद्र सिंह की फेसबुक पर पाकिस्तानी महिला से हुई दोस्ती ऐसी परवान चढ़ी कि वह भारतीय सेना के गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान को लीक करने लगा। इसके बदले आरोपी सुरेंद्र सिंह पाकिस्तान से रुपये भी लेता था। आरोपी ने बृहस्पतिवार को पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा किया। जिन नंबरों से आरोपी पाकिस्तानी महिला मित्र से बात करता था, वह सिम भी पुलिस ने बरामद कर ली है। साथ ही दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। इन्हें साइबर सेल टीम को जांच के लिए दे दिया है, ताकि पता लगाया जा सके कि इन दोनों में क्या-क्या बाते होती थी। आगे की कोई योजना तो नहीं थी। इन सभी की जांच गहनता से की जाएगी। आरोपी सुरेंद्र को शुक्रवार को पलवल अदालत में ही पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
सिपाही सुरेंद्र सिंह को सेना पुलिस और हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बृहस्पतिवार को लघु सचिवालय के गेट से ड्यूटी के दौरान गिरफ्तार किया था। इसके बाद कैंप थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी सिपाही को बीते महीने गारद ड्यूटी में लगाया गया था। आरोपी को सेना को सौंपा जाना था, लेकिन सेना की तरफ से अब तक पुलिस को आरोपी को सौंपने के आदेश नहीं मिले हैं। इस कारण पुलिस ने सुरेंद्र सिंह को शुक्रवार सुबह अदालत में पेशकर दो दिन की रिमांड पर लिया, ताकि उससे और अधिक जानकारी जुटाई जा सके।
---------
2018 से उपलब्ध करा रहा था दस्तावेज
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुरेंद्र सिंह 2018 में सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। इसी समय पाकिस्तानी एजेंसी में काम करने वाली एक महिला से फेसबुक पर उसकी दोस्ती हो गई। फेसबुक के मैसेंजर पर दोनों की चैटिंग होने लगी। कुछ दिनों में ही उस महिला से मित्रता इतनी गहरी हो गई कि सिपाही सुरेंद्र सिंह सेना के गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान को देने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद महिला मित्र के माध्यम से पाकिस्तान को भारतीय सेना के गोपनीय दस्तावेज और अन्य जानकारी देनी शुरू कर दी।
-------
सूचनाएं देने के बदले रुपये भी लेता था
भारतीय सेना के गोपनीय दस्तावेज और सूचनाएं देने के बदले उसे पाकिस्तान से रुपये भी मिलते थे। हालांकि, अब तक उसने पुलिस के समक्ष केवल 70 हजार रुपये लेने की बात कबूली है। लेकिन, पुलिस को उसकी बात पर विश्वास नहीं है। पुलिस को अंदेशा है कि सुरेंद्र सिंह ने काफी रुपये पाकिस्तान से गोपनीय दस्तावेज देने के बदले लिए होंगे। पुलिस उसके खातों की भी जांच कराएगी।
पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने बताया कि भारतीय सेना के गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान को सौंपने के आरोप में गिरफ्तार सिपाही सुरेंद्र सिंह से पूछताछ की जा रही है कि उसने अब तक कौन-कौन से दस्तावेज सौंपे हैं। इसके अलावा उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। सेना के किन लोगों से वह सेवानिवृत्त होने के बाद भी गोपनीय दस्तावेज प्राप्त करता है, इसकी भी जांच हो रही हैै। आरोपी को सेना को सौंपने के आदेश नहीं मिले हैं। आदेश मिलते ही आरोपी को सौंप दिया जाएगा।