ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एक्सपो को
ग्रेनो के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में यूपीनेडा कर रहा इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो का आयोजन
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा करेंगे शुभारंभ, कल सीएम होंगे शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आज से तीन दिवसीय इंडिया बायो एनर्जी एंड टेक एक्सपो का आगाज होगा। इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी और उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (यूपीनेडा) की तरफ से आयोजित एक्सपो का शुभारंभ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा करेंगे। एक्सपो में भारत में बायो एनर्जी इकोसिस्टम के भविष्य पर मंथन के लिए मंच मिलेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ 12 को एक्सपो में शामिल होंगे।
आयोजकों ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को बड़े बायो एनर्जी हब के रूप में मजबूत करना है। पहले दिन उत्तर प्रदेश का एक विशेष सत्र होगा। इसमें ई-20 से आगे के अवसरों और कार्बन कैप्चर पर चर्चा की जाएगी। दूसरे दिन राउंडटेबल और बायोमास, सीबीजी, ग्रीन हाइड्रोजन तथा टिकाऊ ईंधन पर सत्र होंगे। आखिरी दिन छठे इंडिया ग्रीन एनर्जी अवॉर्ड्स का आयोजन होगा। भारतीय खेतः ग्रीन एनर्जी क्रांति और किसानों की आय को बढ़ावा विषय पर भी सत्र होगा। यह एक्सपो नीतिगत बातचीत, प्रौद्योगिकी साझेदारी और उद्योगों के बीच सहयोग के लिए एक मंच देगा। इसमें केंद्र और राज्य के वरिष्ठ मंत्री, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक, विशेषज्ञ आदि शामिल होंगे।
निवेश और रोजगार के अवसर
एक्सपो निवेश को बढ़ावा देगा और कृषि-अवशेष आपूर्ति शृंखला को मजबूत करने में मदद करेगा। इससे ग्रामीण रोजगार और आय के अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। राज्य को टिकाऊ और चक्रीय हरित अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से ले जाने की उम्मीद है।