केएमपी के साथ बन रही टनल में बार-बार हादसे से किसानों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। उपमंडल के अंतर्गत कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे के साथ निर्माणाधीन हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की टनल एक बार फिर धंस गई है। गनीमत रही कि इस बार भी कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक महीने के अंदर तीसरी बार टनल धंसने से किसानों में भारी गुस्सा और दहशत है।
ग्रामीणों के अनुसार रविवार दोपहर अचानक टनल का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। यह सिलसिला 5 अक्तूबर को शुरू हुआ था। इसके बाद 10 अक्तूबर को टनल धंसी थी। हादसे में गेल की पाइपलाइन को भी नुकसान हुआ था।
एक नवंबर यानी रविवार की दोपहर तीसरी बार टनल फिर धंस गई। घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, इसलिए जनहानि टल गई, लेकिन ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। किसानों का कहना है कि प्रशासन सिर्फ बैरिकेड लगाकर खानापूर्ति कर रहा है, जबकि उनकी फसलें और जमीन बर्बाद हो रही है। प्रशासन और रेलवे निर्माण कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने जल्द से जल्द उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है। गठित कमेटी दोबारा मौके पर निरीक्षण करेगी और नियमानुसार जांच व कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। - जितेंद्र गर्ग, एसडीएम