पलवल। गांव कुसलीपुर के मुख्य रास्ते में मैन होल खुला पड़ा हुआ है। ढक्कन न होने से हादसे का खतरा बना रहता है। वहीं सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिसमें पानी भरा हुआ है। ग्रामीणों ने समस्या को लेकर नगर परिषद अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव कुसलीपुर से होते हुए असावटा फाटक सड़क पर समस्याओं का अंबार है। रसूलपुर व बामनीखेड़ा में रेलवे पुल के निर्माण के चलते इस सड़क पर वाहनों को दबाव काफी ज्यादा है। फिरनी में सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। गड्ढों में लंबे समय से पानी भरा हुआ है। पिछले दो दिनों से सड़क के बीचोंबीच मैन होल खुला पड़ा है, जिसने राहगीरों की परेशानी को बढ़ा दिया है। गांव निवासी अजय बंसी, जय सिंह ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। मैन होल भी टूटने लगे हैं, जिसमें वाहनों के पहिए चले जाते हैं। ऐसे में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वर्जन-
गांव में मैन होल खुले होने की सूचना मुझे नहीं मिली है। इस बारे में अधिकारियों को मौके पर भेजकर जानकारी ली जाएगी। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। - इंदू भारद्वाज, चेयरपर्सन, नगर परिषद पलवल