320 सीटों पर होंगे दाखिले, 17 को सीटों का विवरण और अन्य जानकारी पोर्टल पर होगी अपलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। राजकीय डिग्री कॉलेज, हथीन में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिले की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। कॉलेज प्रशासन ने इस बार कुल 320 सीटों पर दाखिला लेने की तैयारी की है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जेपी कौशिक ने बताया कि कला संकाय में 160 सीटें, विज्ञान और वाणिज्य संकाय में 80-80 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। प्राचार्य कौशिक ने बताया कि दाखिले से संबंधित सभी जानकारियां और कॉलेज में उपलब्ध सीटों का विवरण 17 मई तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसके बाद इच्छुक छात्र-छात्राएं 19 मई से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि दाखिला प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी, जिससे छात्रों को समय पर और पारदर्शी तरीके से प्रवेश मिल सके। कॉलेज प्रबंधन की ओर से छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी भी विद्यार्थी को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कॉलेज में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी प्रशासन लगातार प्रयासरत है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उचित शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। प्राचार्य कौशिक ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर जाकर सभी जानकारी प्राप्त करें और प्रवेश प्रक्रिया में सक्रिय भाग लें।