संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर के हरिनगर निवासी अमर सिंह की रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी पुलिस अधिकारी एसआई राजेंद्र के अनुसार, अमर सिंह स्टेशन के नजदीक रेलवे लाइन पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में हलचल मच गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। जीआरपी ने मामले में आकस्मिक मृत्यु संबंधी कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन पार करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि थोड़ी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।