बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत
पलवल। गांव खांबी में होडल चौक के समीप दो बाइकों की भिड़ंत में 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। मृतक के परिजनों ने उसके खिलाफ हसनपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जांच अधिकारी एएसआई आस मोहम्मद के अनुसार गांव खांबी निवासी रामगोपाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बड़े भाई देशराज गांव में ही परचून की दुकान करते थे। सोमवार को बाइक पर होडल से दुकान का सामान लेकर वापस गांव लौट रहे थे। होडल चौक के समीप एक अन्य बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे देशराज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।