होटल में रहस्यमयी परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले फोन नंबर पर उसके परिजनों को सूचित कर दिया। परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रामनगर निवासी संजय ने पुलिस को बताया कि उनका कुशलीपुर के निकट ढाबा है। 19 दिसंबर की शाम को उनके ढाबे पर एक व्यक्ति काम मांगने के लिए आया और अपने आप को भूखा बताया।
होटल पर खाना खाने के बाद वह होटल पर ही सो गया। 20 दिसंबर को उसने दवाई के लिए उनसे सौ रुपये मांगे तो उन्होंने दे दिए। इसके बाद दवाई लेकर वह शाम को फिर होटल पर आकर सो गया। लेकिन जब 21 दिसंबर को उसे जगाने का प्रयास किया तो वह नहीं जगा।
इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने उसके ऊपर से कंबल हटाया तो देखा की वह मृत अवस्था में था। होटल मालिक संजय ने इसकी सूचना कैंप थाना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसमें एक कागज मिला जिसमें जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) के गांव उन्नाव निवासी श्याम तिवारी का नाम व एक कानपुर का फोन नंबर लिखा हुआ था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया और जेब में मिले फोन नंबर पर परिजनों को सूचना दे दी। कैंप थाने के जांच अधिकारी जीतराम (एएसआई) ने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।