पूर्व विधायक की यूपी के धमकी देने वाले अधिकारियों पर केस दर्ज करने की मांग
चंडीगढ़। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक करण सिंह दलाल ने उत्तर प्रदेश सीमा के करीब अपनी जमीन की पैमाइश के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकारियों पर धमकियां देने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने और अपनी सुरक्षा की मांग की है। पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय ने याचिका पर हरियाणा के गृह सचिव, डीजीपी व पलवल के एसपी को 21 अगस्त के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है।
याचिका में करण सिंह दलाल ने बताया है कि उन्होंने कई वर्ष पहले सतुआ गढ़ी गांव के किसानों से जमीन खरीदी थी। यह जमीन यमुना नदी के पार अलीगढ़ के गांव रामगढ़ी के पास है। उनके अनुरोध पर जमीन की पैमाइश के लिए प्रशासन ने हसनपुर के नायब तहसीलदार इब्राहिम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया था। जब वह जमीन की पैमाइश कर रहे थे यूपी के कुछ अधिकारियों और कुछ अन्य हथियारबंद लोगों ने उनके काम में बाधा पहुंचाने की कोशिश की। जब याचिकाकर्ता ने उनसे इसके बारे में पूछा तो वहां के प्रशासनिक अधिकारियों ने पैमाइश को रोकने का प्रयास किया व झगड़ा किया। पूरी पैमाइश के दौरान वह उन्हें रोकने का प्रयास करते रहे। बाद में कुछ लोगों ने उन पर फायरिंग भी की। दलाल ने इस पूरे घटनाक्रम के बारे में पलवल के एसपी सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत देते हुए यूपी के अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। लेकिन कोई कार्रवाई तक नहीं की गई। दलाल का आरोप है कि हरियाणा और यूपी दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और याचिकाकर्ता कांग्रेस का है, इसीलिए कोई करवाई नहीं की जा रही है। दलाल ने कहा कि घटना के बाद से वह अब अपनी जमीन पर नहीं जा पा रहे हैं। अब उन्होंने सुरक्षा दिए जाने के साथ ही मामले से जुड़े उत्तर प्रदेश के अधिकारियों पर मामला दर्ज किए जाने की मांग की है।