संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हिसार में आयोजित अंडर-14 फुटबाल राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में नूंह की टीम ने इतिहास रच दिया। क्वार्टर फाइनल में नूंह ने गुरुग्राम को टाई ब्रेकर में 4-3 से हरा दिया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में नूंह की टीम पहली बार पहुंची है।
सहायक शिक्षा अधिकारी (खेलकूद) डॉ. अमित कुमार यादव ने बताया कि गुरुग्राम के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिलाड़ियों ने दबाव के बावजूद शानदार खेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए टाई ब्रेकर में जीत हासिल की। उन्होंने बताया कि टीम की इस उपलब्धि में कोच पवन कुमार शर्मा, शारीरिक शिक्षक सुमित कादियान और जसवीर कुंडु का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मामराज रावत ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने सेमीफाइनल के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए इसी जोश और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। टीम की सफलता से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।