संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी अब निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों से पीछे नहीं हैं। गत वर्षो की भांति इस बार भी राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने शानदार परीक्षा परिणाम दिए हैं। कक्षा 12वीं में 95.38 प्रतिशत और कक्षा दसवीं में 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा है। छात्रों की सफलता पर विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में पहुंची आईएएस शिवानी पांचाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
मुख्य अतिथि आईएएस शिवानी पांचाल, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल, प्रधानाचार्य राकेश बघेल, एसएमसी प्रधान योगेश्वर, प्रवक्ता विनोद कुमार, अनुज चौहान आदि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अनुपम, दिया, अनु, पिंकी, अंजना, देव ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने बताया कि कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं होता। हमारी कड़ी मेहनत, सकारात्मक सोच कठिन से कठिन लक्ष्यों को प्राप्त करने में हमारी मदद करती है।
आईएएस शिवानी पांचाल ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश बघेल ने विद्यालय की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के छात्र पृथ्वी, गायत्री, अक्षत, राजन और कक्षा दसवीं के पुराण सियाल, जय, शिवम को आईएएस शिवानी पांचाल ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।