संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ड्यूटी के समय अनुपस्थित मिले एक डॉक्टर और दो स्टाफ कर्मियों को एसएमओ डॉ. संजय शर्मा ने नोटिस जारी किया है। सभी से दो दिन के भीतर अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसएमओ डॉ. संजय शर्मा ने बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ड्यूटी के दौरान अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तक सीएचसी में कोई डॉक्टर नहीं मिला था। इसके चलते उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।