पुन्हाना। तिरवाडा गांव के दर्जनों किसानों की तकरीबन 252 एकड़ भूमि का फर्जी दस्तावेज के आधार पर पट्टानामा कराकर फसल बीमा योजना का लाभ लेने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई नहीं की गई है। मामले को उजागर हुई एक माह से ज्यादा बीत चुका है।
किसानों का आरोप है कि अनाज मंडी में फसल बेचने के दौरान व्यापारी उनसे पहचान पत्र सहित अन्य दस्तावेज लेते हैं। इन दस्तावेज का इस्तेमाल किस उद्देश्य से और किसके नाम पर किया जा रहा है, इसकी निगरानी की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। किसानों के अनुसार, सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचने के बजाय कथित रूप से कुछ व्यापारी उठा रहे हैं।
तिरवाड़ा गांव के मामले में किसानों ने अनाजमंडी के 14 नंबर आढ़ती पर आरोप लगाया है कि किसान फसल बीमा योजना की राशि अपने नाम के साथ-साथ पुत्र, पुत्रवधू और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर भी प्राप्त की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित विभागों की जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।