पलवल। कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान विश्व नर्स दिवस के अवसर पर पलवल जिला में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लॉकडाउन के दौरान बंद की गई ओपीडी सेवा को आरंभ करने का निर्णय लिया है, वहीं कोरोना पीड़ित मरीजों के लिए भी सुविधाओं में बढ़ोतरी की गई है। इसके तहत नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में एक केबिन, डायलिसिस व लेबर रूम को रिजर्व किया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में एक केबिन, डायलिसिस व लेबर रूम में एक-एक कक्ष को कोरोना पीड़ितों के लिए रिजर्व रखा गया है। हालांकि कोरोना मरीजों को कोविड अस्पताल नल्हड़ या अन्य स्थानों पर रेफर कर दिया जाता है, लेकिन नागरिक अस्पताल में तीनों महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल पलवल जिले में की गई है।
अगर कोरोना संक्रमित को इन तीनों में से किसी सुविधा की आवश्यकता हो, तो कोविड अस्पताल की तरह ही यहां पर अब यह सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नागरिक अस्पताल में ओपीडी सेवाएं भी आरंभ कर दी गई है। राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के दौरान इन सेवाओं को बंद कर दिया गया था। हालांकि मोबाइल यूनिट के माध्यम से जिले के लोगों को डोर स्टेप पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं।
ओपीडी में आने वाले मरीज सोशल डिस्टेंसिंग का अवश्य पालन करें और अस्पताल परिसर में मास्क का प्रयोग जरूर करें। नागरिक अस्पताल के सभी गेट पर सैनिटाइजर व हाथ धोने के लिए सभी शौचालयों में साबुन रखवा दिए गए है। वहीं उपायुक्त नरेश नरवाल ने स्वास्थ्य विभाग के इस पहल की सराहना करते हुए कोरोना के खिलाफ एक योद्धा के रूप में काम कर रहें स्टाफ को शुभकामनाएं दीं।