नियमों के अनुसार वाहनों और कर्मियों की तैनाती नहीं, डंपिग यार्ड में नहीं किया जा रहा कूड़े का निस्तारण
हथीन। सीएम फ्लाइंग की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने और सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था में गंभीर खामियां उजागर हुईं। टीम को शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़े के ढेर मिले, जबकि डंपिंग यार्ड में कूड़े का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा था। वहां कूड़े का पहाड़ जमा था, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी।
नगर पालिका और कूड़ा उठाने वाली एजेंसी की लापरवाही भी सामने आई। जांच में पाया गया कि एजेंसी ने टेंडर के नियमों के अनुसार आवश्यक संख्या में वाहन और कर्मचारी तैनात नहीं किए हैं। नियमों के अनुसार चार टीपर, चार रिक्शा और एक लोडर होना चाहिए, लेकिन मौके पर 2 रिक्शा ही मिले। यानी दो रिक्शा और एक लोडर कम था। सफाई के लिए 24 कर्मचारियों की आवश्यकता थी, लेकिन मात्र 18 कर्मचारी कार्यरत मिले।
इसके अलावा, कूड़ा उठाने वाले किसी भी वाहन में जीपीएस सिस्टम नहीं पाया गया, जिससे उनकी ट्रैकिंग संभव नहीं हो सकी। सीएम फ्लाइंग की टीम ने इस संबंध में पालिका अधिकारियों से जानकारी ली। पालिका अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को पहले ही दो नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ है। टीम ने एजेंसी के भुगतान से जुड़ी जानकारी भी जुटाई है और मामले की जांच कर रही है।