पलवल। सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर का 400वां प्रकाश पर्व शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में शहर में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। कीर्तन से पूर्व न्यू कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा में भजन संकीर्तन और लंगर आयोजित किया गया। नगर कीर्तन में झांकियों के साथ घुड़सवारों ने जहां तलवारबाजी का प्रदर्शन किया, वहीं जत्थों ने गुरू की महिमा सुनाई।
गुरुद्वारा सिंह सभा के अध्यक्ष डॉ. अनूप सिंह के नेतृृत्व में नगर कीर्तन न्यू कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा से शुरू होकर रुझानी गुरुद्वारा जवाहर नगर कैंप होता हुआ आगरा चौक पहुंचा। यहां से रसूलपुर चौक, किठवाड़ी चौक, बस स्टैंड, मीनार गेट से होता हुए पुराना जीटी रोड स्थित गुरुद्वारे पर संपन्न हुआ। नगर कीर्तन के आगे सिख समाज की महिलाएं झाड़ू लगाते हुए चल रही थीं, वहीं युवा पानी का छिड़काव कर रहे थे। विभिन्न झांकियों ने लोगों का मन मोहा, वहीं खालसा की वेशभूषा में घुड़सवार हाथों में तलवारें लिए करतब दिखाते रहे। कीर्तन पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। विभिन्न स्थानों पर पानी की छबील लगाई गई। शबद कीर्तन के साथ प्रवचन हुए। इस मौके पर महेंद्र सिंह बेदी, मोहन सिंह, सरदार मोंटी, परमिंदर सिंह, इंदर सिंह, साहब सिंह, सतनाम सिंह आदि मौजूद रहे।