फुलवाड़ी गांव स्थित ईंट भट्ठा पर रविवार की रात चाकू से गला रेत कर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। गांव वालों ने तीन घंटे तक हाईवे जाम कर अपना विरोध जताया। मृतक के बेटे के बयान पर तीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव फुलवाड़ी निवासी 50 वर्षीय रामप्रसाद रविवार को देर शाम शिव शक्ति भट्ठा कंपनी के पास अपने घर में पशुओं को चारा डालने के लिए गये थे। कुछ देर बाद गांव के एक युवक ने उनके परिजनों को बताया कि कुछ लोग राम प्रसाद के साथ मारपीट कर रहे हैं।
इस पर बेटा किरण पाल तुरंत वहां पहुंच गया। वहां जाकर देखा कि राम प्रसाद मृत अवस्था में पड़े हुए थे। उनका गला चाकू से रेता हुआ था। मौके पर कोई नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के काफी देर तक जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची तो गांव वालों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करते ही वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के काफी समझाने बुझाने के बाद भी जब गांव वालों ने जाम नहीं खोला तो एसडीएम अमित खत्री और डीएसपी जयबीर सिंह राठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीन घंटे बाद जाम खुलवाया।
सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। सदर थाना प्रभारी देवव्रत ने बताया कि मृतक के पुत्र किरण पाल की शिकायत पर नंदगांव (यूपी) निवासी संजय, गोपाल व फुलवाड़ी निवासी बिल्लू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने पूछताछ के लिए कई युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ की जा रही है। मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।