होडल। दक्षिण हरियाणा बिजली निगम ने पांच वर्ष से ट्यूबवेल कनेक्शन का इंतजार कर रहे जिले के सैकड़ों किसानों को कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए किसानों को 30 सितंबर तक ट्यूबवेल की मोटर के लिए रुपये जमा करवाने होंगे। 30 हजार रुपये की सिक्योरिटी जमा करवा चुके किसानों में से जो कृषक 30 सितंबर तक मोटर की कीमत जमा करवा देगा, उससे निगम एस्टीमेट की धनराशि भरवाकर कनेक्शन जारी कर देगा। मोटर की धनराशि जमा नहीं करने पर किसानों को कनेक्शन नहीं मिलेगा। किसानों को निगम द्वारा ही ट्यूबवेल की मोटर दी जाएगी। मोटर के रेट भी निगम द्वारा तय किए गए हैं। किसानों को मोटर के रुपये भी ओसवाल कंपनी के खाते में जमा कराने होंगे।
दिल्ली जोन के मुख्य अभियंता के सी अग्रवाल ने बताया कि निगम द्वारा वर्ष 2013 से 31 दिसंबर 2018 के बीच किसानों से ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन मांगे गए थे। किसानों ने भविष्य की जरूरत को देखते हुए अधिक क्षमता के कनेक्शनों के लिए आवेदन किए थे। जिन लोगों को 30 एचपी मोटर की जरूरत थी, उन्होंने भी 40 एचपी के लिए आवेदन किए थे। सैकड़ों किसानों ने 30 से 60 एचपी के लिए आवेदन किए थे। मगर, निगम ने उच्च क्षमता के कनेक्शन देने की बजाए 3 से 30 एचपी के ही कनेक्शन देने के निर्देश जारी किए हैं। क्षेत्र में किसानों को ट्यूबवेल के कनेक्शन जारी करने के निर्देश आ चुके हैं। हमने प्रक्रिया जारी कर दी है। जो किसान 30 सितंबर तक मोटर के रुपये जमा करवा देेंगे, उनको कनेक्शन मिल जाएगा।
------
गैर धान की खेती वालों को पहले कनेक्शन
केसी अग्रवाल ने बताया कि सरकार और निगम द्वारा नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए गैर धान की खेती को प्राथमिकता की शर्त भी जोड़ी गई है। कहा गया है कि जो किसान गैर धान की खेती करेंगे, उन्हें पहले कनेक्शन दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें शपथपत्र देना होगा। जबकि, किसानों द्वारा धान की सिंचाई के लिए ही ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किए जाते हैं।
------
मोटर की क्षमता कीमत
3 एचपी 20,600 रुपये
5 एचपी 24,400 रुपये
7.5 एचपी 29,100 रुपये
10 एचपी 32,800 रुपये
12 एचपी 36,100 रुपये
15 एचपी 43,300 रुपये
17.5 एचपी 43,400 रुपये
20 एचपी 50,700 रुपये
25 एचपी 57,200 रुपये
30 एचपी 64,500 रुपये
-------
बिजली निगम की वेबसाइट पर जमा करें रुपये
22.5 एचपी कनेक्शन के लिए आवेदन करने वालों को 25 एचपी की मोटर का भुगतान करना होगा। जबकि, 27.5 एचपी की एवज में 30 एचपी की मोटर की कीमत जमा करवानी होगी। मोटर के पैसे किसानों को बिजली निगम की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन भरने होंगे। किसानों द्वारा जमा की गई 30 हजार रुपये की सिक्योरिटी राशि एस्टीमेट की राशि में कम कर दी जाएगी। निगम द्वारा फाइव स्टार मोटरों की 5 साल की वारंटी भी दी जा रही है। मगर, मोटरों की मरम्मत और बदलने को लेकर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए है।