- घायल अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में छोड़कर हुए फरार, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। हसनपुर में धर्म कांटा संचालक के बेटे की पुरानी रंजिश के चलते मारपीट कर हत्या कर दी गई। आरोपी खुद गंभीर हालत में मृतक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में छोड़कर फरार हो गए। जहां उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य केंद्र कर्मचारियों ने शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर आधा दर्जन से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है । पुलिस ने इस मामले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों से हत्यारोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हसनपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव लिखी निवासी सतबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने हसनपुर-होडल मार्ग पर तिरुपति धर्म कांटा लगाया हुआ है। कांटे पर वह और उसका 23 वर्षीय बेटा शिवम दोनों रहते थे। 24 अक्तूबर को रात के समय वह और उसके मामा का लड़का दिल्ली निवासी लक्ष्मण कांटे पर थे। उसका बेटा शिवम बच्चों को दशहरा मेला दिखाकर गांव लिखी छोड़कर देर रात करीब पौने दस बजे कांटे पर हसनपुर आ गया। इसी दौरान शिवम के पास किसी का फोन आया और वह कांटे से बाइक लेकर चला गया। सतबीर ने बताया कि हम दोनों कांटे पर नीचे सो रहे थे तथा शिवम ऊपर चौवारे में सोता था। सुबह जब शिवम कांटे पर नहीं मिला तो गांव घर व रिश्तेदारियों में पता किया, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। बृहस्पतिवार की सांय के समय उन्हें सूचना मिली कि शिवम का शव जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पीड़ित थाने पहुंचा और हसनपुर अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो छह-सात युवक बाइकों पर आए और शिवम को अस्पताल छोड़कर भाग गए। जिसकी सूचना अस्पताल की नर्स प्रेमलता ने थाना पुलिस को दी थी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।