पुल निर्माण के दौरान जलभराव और ट्रैफिक जाम की हो रही थी समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। बघौला में बुधवार को एनएचएआई ने जिला प्रशासन की मदद से हाईवे की सर्विस लेन किनारे बने 25 से अधिक पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई भारी पुलिस बल और दो जेसीबी मशीनों की मौजूदगी में चार घंटे तक चली। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, यह निर्माण अधिग्रहित जमीन पर अवैध रूप से बने थे, जिससे पुल निर्माण के दौरान जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। लोगों को नोटिस दिया था, लेकिन नोटिस देने के बावजूद लोगों ने निर्माण खुद से नहीं हटाए तो कार्रवाई की गई। जिला उपायुक्त डॉ. हरीश चंद वशिष्ठ के आदेश पर तहसीलदार प्रेम सिंह और बीडीपीओ प्रवीण कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। तोड़फोड़ के बाद एनएचएआई की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि प्रभावित लोग अपने टूटे हुए निर्माण का मलबा जल्द से जल्द सड़क से हटा लें।